परिवार के खाने में नींद की गोलियां मिलाने का आरोप, नाबालिग प्रेमी के साथ लापता; मुरैना में मामला दर्ज

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी ने परिवार के रात के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। इसके बाद मां और घर के अन्य सदस्य गहरी नींद में सो गए। इसी दौरान किशोरी रात करीब 10 बजे के बाद घर से लापता हो गई। उसकी मां की शिकायत पर टेंटरा थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मां ने युवक पर जताया संदेह
पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी की मां ने दौर्द विजयपुर निवासी मनीष पुत्र जहार सिंह रावत पर बेटी को अगवा करने का संदेह जताया है। किशोरी की उम्र 16 साल 8 महीने बताई गई है। उसके पिता का कुछ समय पहले निधन हो चुका है, इसलिए मां ने ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच कर रही है।
सुबह जागने पर भी नहीं उतरा नींद का असर
शिकायत के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर की रात की है। मां का आरोप है कि बेटी ने रात के भोजन में नींद की गोलियां मिला दी थीं। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो गए। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे जब वे जागे, तब भी उन्हें नींद और दवा का असर महसूस हो रहा था।
इसके बाद परिवार के सदस्य टेंटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और चिकित्सक को अपनी परेशानी बताई। उपचार लेने के बाद उन्होंने किशोरी के लापता होने की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने शुरू की किशोरी की तलाश
टेंटरा थाना पुलिस ने मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। किशोरी के लापता होने और शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



