लोकल न्यूज़

मुरैना के पहाड़गढ़ में सड़क हादसे में मादा तेंदुए की मौत, 25 दिन में दूसरी घटना से वन विभाग में चिंता

मुरैना। जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र में सड़क हादसे में एक मादा तेंदुए की मौत हो गई। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात वन विभाग की टीम को मरा रोड पर तेंदुए का शव लहूलुहान हालत में मिला। पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट को मौत की वजह बताया गया है। पिछले 25 दिनों के भीतर पहाड़गढ़ के जंगल में तेंदुए की मौत की यह दूसरी घटना है।

रात में गश्त के दौरान सड़क पर मिला शव

डिप्टी रेंजर रवि तोमर वनकर्मियों के साथ शुक्रवार-शनिवार की रात जंगल में गश्त कर रहे थे। रात करीब एक बजे टीम वाहन से मरा गांव से पहाड़गढ़ की ओर लौट रही थी। इसी दौरान मरा रोड पर उन्हें एक तेंदुआ सड़क पर पड़ा दिखाई दिया। तेंदुए की आक्रामक प्रकृति को देखते हुए वनकर्मी शुरुआत में उसके पास जाने से हिचकिचाए। कुछ देर तक शरीर में कोई हलचल नहीं दिखने पर जब टीम पास पहुंची, तो तेंदुए की मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम में सिर की चोट से मौत की पुष्टि

शनिवार सुबह डॉक्टरों ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया। डीएफओ हरीश बघेल के अनुसार, मृत तेंदुआ मादा थी और उसकी उम्र करीब दो से ढाई साल के बीच थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सड़क पार करते समय किसी भारी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी और एक पैर भी फ्रैक्चर हो गया था।

25 दिन पहले भी मिला था मादा तेंदुए का शव

पहाड़गढ़ के जंगल में 25 दिनों के भीतर तेंदुए की मौत की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 20 अक्टूबर को पहाड़गढ़ के पंचमपुरा क्षेत्र में भी एक मादा तेंदुए का शव मिला था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क पर वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!