भिंड के फूफ में किराए के कमरे से बैंक अधिकारी का सड़ा-गला शव बरामद, एक सप्ताह पुराना होने की आशंका

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के फूफ कस्बे में एक बैंक अधिकारी का शव किराए के कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। चंबल ग्रामीण बैंक में पदस्थ उप प्रबंधक अशोक खागा का शव शुक्रवार को उनके कमरे से बरामद हुआ। शव की हालत देखकर उसके करीब एक सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
कमरे से दुर्गंध आने पर हुआ मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार, अशोक खागा मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे और फूफ स्थित चंबल ग्रामीण बैंक की शाखा में उप प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वह कस्बे के वार्ड नंबर 9 में महेंद्र जैन के मकान में किराए से रहते थे। शुक्रवार को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर अंदर अशोक खागा का सड़ा-गला शव मिला। पुलिस को कमरे में शराब की एक बोतल भी मिली है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बैंक अधिकारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस उनके परिजनों को सूचना दे चुकी है और बैंक के अन्य कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फूफ थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।



