लोकल न्यूज़

ग्वालियर: कोटी गांव श्मशान घाट की जमीन पर भूमाफियाओं का कब्जा, आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

ग्वालियर। शहर के वार्ड क्रमांक ५९ के अंतर्गत आने वाले कोटी गांव से सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ श्मशान घाट की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोर्चा खोल दिया है। ‘आप’ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जनभावनाओं से जुड़ा है मामला, क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश

ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर ने कहा कि श्मशान घाट की यह भूमि पूरी तरह सार्वजनिक है और क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहाँ स्थानीय नागरिकों के अंतिम संस्कार सहित अन्य पारंपरिक व सामाजिक कार्य संपन्न होते हैं। ऐसी पवित्र और आवश्यक भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश और गहरी चिंता व्याप्त है।

‘आप’ की मुख्य मांगें: अवैध कब्जा हटे और जल्द शुरू हो निर्माण

आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन के सामने अपनी चार मुख्य मांगें रखी हैं, जो इस प्रकार हैं:

  • श्मशान घाट की भूमि का तत्काल सीमांकन और जांच कर अवैध कब्जे को हटाया जाए।

  • सार्वजनिक जमीन को नुकसान पहुंचाने वाले दोषी भूमाफियाओं के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएं।

  • भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए इस भूमि को पूरी तरह सुरक्षित और संरक्षित घोषित किया जाए।

  • क्षेत्र में लंबे समय से अटके पड़े श्मशान घाट के निर्माण कार्य को प्रशासन जल्द से जल्द शुरू कराए।

कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी, कई दिग्गज रहे मौजूद

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस गंभीर मामले में शीघ्र ही कोई ठोस और उचित वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी क्षेत्रवासियों के हक के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर मुख्य रूप से यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम लोधी, प्रदेश सचिव मोहन पाल, प्रदेश प्रवक्ता द्वय मनोज कुशवाह व जितेंद्र जैन, प्रदेश सह सचिव संजय देहलवार, अमिताव पांडे, अनिल कुशवाह, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष आर के जैन, महिला विंग की जिला अध्यक्ष ममता राठौर, जिला संगठन मंत्री मनोहर लाल साहू, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, हरि बघेल, महेंद्र सिंह बघेल, शुभम् बघेल और राकेश जोशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!