लोकल न्यूज़

ग्वालियर पूर्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन कल, जीतू पटवारी समेत कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

ग्वालियर। ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर चर्चा के लिए 17 अक्टूबर को विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। एजी ऑफिस पुल के पास स्थित रंगमहल गार्डन में दोपहर 3 बजे से होने वाले इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां विधायक डॉ. सतीश सिकरवार की देखरेख में की जा रही हैं।

जीतू पटवारी और पीसी शर्मा कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के अनुसार, सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ नेता सम्मेलन में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित कर संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव करेंगे। वहीं, नगर निगम महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगी।

51 कन्याओं के पूजन से होगी कार्यक्रम की शुरुआत

सम्मेलन की शुरुआत 51 कन्याओं के विधि-विधान से पूजन और कन्या भोज के साथ होगी। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक, पार्किंग और भोजन की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। परिसर को बैनर और झंडों से सजाया जा रहा है।

पीले चावल देकर कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा निमंत्रण

सम्मेलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ता घर-घर जाकर पीले चावल के साथ आमंत्रण कार्ड दे रहे हैं और लोगों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

तैयारियों का विधायक ने लिया जायजा

कार्यक्रम संयोजक विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने सम्मेलन स्थल पर पहुंचकर मंच, बैठक, पार्किंग और भोजन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। विधायक ने कहा कि यह सम्मेलन ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!