Murena: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, 11KV लाइन की चपेट में आई मजदूरों से भरी गाड़ी; 2 की मौत

जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र स्थित चंदूपुरा गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। रविवार को एक शादी समारोह के लिए क्रॉकरी का सामान लेकर जा रही डीसीएम (DCM) हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में करंट लगने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार 8 अन्य लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
खेत के रास्ते से गुजरते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आगरा के ठेकेदार देवेंद्र सिंह मजदूरों को लेकर चंदूपुरा गांव निवासी गब्बर सिंह गुर्जर के घर जा रहे थे। आज 19 अप्रैल को वहां बेटी के ‘टीके’ का कार्यक्रम प्रस्तावित है। गांव के पास खेत से गुजरते समय डीसीएम ऊपर से गुजर रही 11केव्ही (11KV) की लाइन से टकरा गई। तार छूते ही पूरी गाड़ी में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। जान बचाने के लिए 8 मजदूरों ने तुरंत चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, लेकिन दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
500 रुपये की दिहाड़ी के लिए आए थे आगरा के मजदूर
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतक आगरा की साउथ रेलवे कॉलोनी के निवासी थे:
-
आलोक नाई (उम्र 30 वर्ष) 2. विक्की जाटव (उम्र 18 वर्ष) परिजनों ने बताया कि ये मजदूर महज 500 रुपये की प्रतिदिन की मजदूरी पर शादी में काम करने आए थे। 18 साल के युवा विक्की की मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस जांच और गांव में सन्नाटा
हादसे की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां इस खबर के बाद सन्नाटा पसर गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या बिजली के तार मानक से नीचे झूल रहे थे या चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। फिलहाल, मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और कानूनी कार्रवाई जारी है।




