पटाखा फटने से 9 साल की बच्ची झुलसी, चेहरा और दायां हाथ जला

खेलते समय हुआ हादसा, करीब 10 से 15 प्रतिशत तक झुलसी बच्ची जेएएच की बर्न यूनिट में भर्ती
ग्वालियर की जवाहर कॉलोनी निवासी 9 वर्षीय हया कुरैशी पटाखा फटने से झुलस गई। हादसे में उसका चेहरा और दायां हाथ आग की चपेट में आ गया। बच्ची करीब 10 से 15 प्रतिशत तक झुलसी है। उसे उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पड़ोस में खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे हया अपने पड़ोस में खेल रही थी। इसी दौरान पटाखे में विस्फोट हो गया और बच्ची आग की चपेट में आ गई। हादसे के बाद पड़ोसियों ने उसे बचाया।
निजी क्लीनिक से जेएएच किया गया रेफर
हादसे के बाद स्वजन पहले बच्ची को एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे जेएएच ले जाया गया। ट्रामा सेंटर के माध्यम से 29 अक्टूबर को शाम करीब 5:30 बजे उसे बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
रास्ते के विवाद में हवाई फायर करने का आरोपी गिरफ्तार
उधर, आरोन क्षेत्र में रास्ते को लेकर हुए विवाद में मारपीट और हवाई फायर करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से कट्टा भी बरामद किया है।
फरियादी हरिओम सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अक्टूबर को हार्वेस्टर से फसल कटाई के दौरान रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान बृजेंद्र रावत और उसके साथियों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से हवाई फायर किए।




