दीपावली से पहले भिंड में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, वेतन और एरियर नहीं मिलने पर जताया विरोध

भिंड जिले के आलमपुर में दीपावली से पहले नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का आक्रोश सामने आया है। नियमित वेतन और करीब दस साल से लंबित एरियर का भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के सामने धरना देकर विरोध जताया और परिसर के बाहर कचरा डाल दिया, जिससे वहां गंदगी फैल गई।
त्योहार से पहले सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
दीपावली नजदीक होने के कारण नगर में घरों और बाजारों की सफाई का काम चल रहा है। ऐसे समय में सफाईकर्मियों की हड़ताल से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और घरों से निकलने वाले कचरे के बीच सफाई व्यवस्था बिगड़ने से नागरिकों की परेशानी बढ़ सकती है।
कई महीनों से वेतन नहीं मिलने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से नियमित वेतन और करीब दस साल से लंबित एरियर के भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर शांत करा दिया जाता है।
कर्मचारियों के मुताबिक, त्योहार के समय भी वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है। दुकानदारों की उधारी बढ़ने के कारण अब खाद्य सामग्री तक मिलना बंद हो गई है। उनका आरोप है कि सर्दी, गर्मी और बारिश में दिन-रात सफाई करने के बावजूद उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जाता।
मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान
सफाईकर्मियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं होगा, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने दीपावली से पहले बकाया वेतन और एरियर का भुगतान करने की मांग की है।
क्रमोन्नति का लाभ नहीं मिलने की भी शिकायत
सफाई मित्र संजीव पाथरे ने बताया कि पिछले दस साल से कर्मचारियों को एरियर का भुगतान नहीं हुआ है, जबकि शासन स्तर पर कई बार एरियर बढ़ाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में पांच सफाई मित्र स्थायी हैं, जिन्हें नियमानुसार दस साल बाद क्रमोन्नति का लाभ मिलना चाहिए, लेकिन अब तक यह लाभ भी नहीं दिया गया है।
संजीव पाथरे के अनुसार, अधिकारियों की ओर से हर बार आश्वासन दिया जाता है, लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती। कर्मचारियों ने कहा कि अब वे अपना अधिकार लेकर ही रहेंगे।



