भिंड में पिता ने ही बेटे की हत्या की रची साजिश, 3 लाख रुपये में दी सुपारी; चार आरोपी गिरफ्तार

नशे की लत और घरेलू विवादों से था परेशान, ग्वालियर के नशामुक्ति केंद्र से बाहर निकालकर रास्ते में की गई हत्या
भिंड। देहात थाना क्षेत्र के मानपुरा के पास बोरी में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पिता ने ही रची थी। बेटे की नशे की लत और घरेलू विवादों से परेशान होकर पिता ने तीन लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी। पुलिस ने मामले में पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नशे की लत से परेशान था पिता
देहात थाना टीआई के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय रईस उर्फ शानू खान के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के उरई स्थित शिवपुरी मोहल्ले का रहने वाला था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रईस को नशे की लत थी। उसका कई बार नशामुक्ति केंद्र में उपचार कराया गया, लेकिन छह महीने तक उपचार के बाद भी वह दोबारा नशा करने लगा।
छह सितंबर से रईस को ग्वालियर के एक नशामुक्ति केंद्र में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, बेटे की आदतों और घरेलू विवादों से परेशान होकर उसके पिता रसीद खान ने उरई निवासी मोहम्मद इजराइल खान, मुन्ना खान और गुड्डू खान को तीन लाख रुपये में उसकी हत्या की सुपारी दी थी।
नशामुक्ति केंद्र से बाहर निकालकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को पिता रसीद बेटे रईस को नशामुक्ति केंद्र से बाहर लेकर निकला। इसके बाद रास्ते में आरोपियों ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को मानपुरा के पास बीहड़ में फेंक दिया गया।
आरोपियों ने शव पर नमक भी डाला था, ताकि वह जल्दी गल जाए और उसकी पहचान न हो सके। उन्हें उम्मीद थी कि बीहड़ में जंगली जानवर शव को खा जाएंगे और वारदात का पता नहीं चलेगा।
तीन स्थानों के सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें कुछ संदिग्ध वाहन दिखाई दिए। पुलिस ने तीन वाहनों की जांच कर उनके मालिकों से पूछताछ की। इस दौरान उरई निवासी ज्ञान सिंह ने बताया कि इनमें से एक वाहन उसका है, जिसे उसने इजराइल को किराये पर दिया था।
इसके बाद पुलिस ने इजराइल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके बार-बार बयान बदलने पर पुलिस का संदेह गहराया। पूछताछ में अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता रसीद खान सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।




