Murena: बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का बिजली कार्यालय पर हल्लाबोल, 24 घंटे सप्लाई की मांग

किशनपुर। बिजली की लगातार कटौती से परेशान किशनपुर गांव के करीब एक सैकड़ा ग्रामीणों ने बुधवार को बिजली विभाग के एसई कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की।
आबादी फीडर से हटाकर पंप फीडर से जोड़ने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक साल पहले बिजली विभाग ने गांव की बिजली लाइन को आबादी फीडर से हटाकर पंप फीडर से जोड़ दिया था। उनका कहना है कि बारिश के दौरान पंप फीडर पर बार-बार बिजली बंद होने के कारण किशनपुर में रोजाना केवल 6 से 7 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, आसपास के अन्य गांवों को आबादी फीडर से करीब 24 घंटे बिजली मिल रही है, जबकि किशनपुर के लोगों को लगातार कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली संकट से पेयजल और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली की कम आपूर्ति का सीधा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिससे गांव में पेयजल संकट की स्थिति बन रही है।
वहीं, बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब आसपास के गांवों को पर्याप्त बिजली मिल रही है तो किशनपुर को इस समस्या का सामना क्यों करना पड़ रहा है।
मांग पूरी नहीं हुई तो विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की चेतावनी
ग्रामीणों ने मांग की है कि किशनपुर को दोबारा आबादी फीडर से जोड़ा जाए और गांव में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे ग्वालियर पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से शिकायत करेंगे। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है।
विभाग ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
बिजली विभाग के महाप्रबंधक एलएन पाटीदार ने बताया कि किशनपुर के ग्रामीण बिजली कटौती की शिकायत लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि गांव के लिए एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जा रही है, जिसे मुख्य आबादी वाले फीडर से जोड़ने की तैयारी है।
अधिकारी के मुताबिक, बारिश के कारण फिलहाल लाइन का काम करने में दिक्कत आ रही है, लेकिन जल्द ही गांव की बिजली समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
Focus Key (English): Kishanpur Power Cut Protest



