भिंड में सांप के डसने से 5 वर्षीय मासूम की मौत, घर में खेलते समय हुआ हादसा

भिंड। जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र स्थित चितावली गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घर के आंगन में खेल रही पांच वर्षीय बच्ची को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान पलक रावत (5 वर्ष) पुत्री सुभाष रावत निवासी चितावली के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। उस समय पलक घर में खेल रही थी, तभी अचानक एक सांप ने उसके दाहिने हाथ पर काट लिया।
सांप के डसने के बाद बच्ची की तबीयत तेजी से खराब होने लगी। परिजन घबराकर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।
मासूम बच्ची की असमय मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है। गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।



