बिलौआ की प्रतिबंधित खदानों पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर-एसएसपी ने किया निरीक्षण
हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन पर विशेष जोर

ग्वालियर जिले के डबरा अनुभाग अंतर्गत बिलौआ क्षेत्र में प्रतिबंधित खदानों से अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर रुचिका चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार प्रतिबंधित खदानों से किसी भी प्रकार का खनन या खनिज परिवहन नहीं होना चाहिए। साथ ही जमीनी स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
8 चेकिंग प्वॉइंट और विशेष जांच दल सक्रिय
अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बिलौआ क्षेत्र में आठ चेकिंग प्वॉइंट स्थापित किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में इन प्वॉइंट्स पर नियमित निगरानी और जांच की जा रही है।
इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा विशेष जांच दलों का गठन भी किया गया है, जो क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर प्रतिबंधित खदानों और खनिज परिवहन की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
कलेक्टर रुचिका चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कहीं भी अवैध उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए। प्रशासन का उद्देश्य उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना और क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सी.बी. प्रसाद, एसडीएम डबरा जूही गर्ग, संयुक्त कलेक्टर भूमिजा सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव, जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा सहित राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



