2 सितंबर को ग्वालियर में होगा बलराम जयंती महोत्सव और किसान सहकारी समागम, किसानों को किया जाएगा सम्मानित

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के तहत 2 सितंबर 2026 को ग्वालियर में प्रादेशिक स्तर के बलराम जयंती महोत्सव एवं किसान सहकारी समागम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन मेला ग्राउंड में प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।
आयोजन का उद्देश्य किसानों को सम्मान देने के साथ कृषि और सहकारिता के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी देना है। साथ ही आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देकर युवा पीढ़ी को कृषि से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
किसान कल्याण और आधुनिक खेती पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। प्राकृतिक और जैविक खेती के फायदों की जानकारी देने के साथ कृषि क्षेत्र से जुड़ी सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि बदलती तकनीक के साथ किसानों को जोड़ना समय की जरूरत है। इसके जरिए खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के साथ आने वाली पीढ़ी को कृषि क्षेत्र के प्रति आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा।
10 लाख किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने का लक्ष्य
अपेक्स बैंक मध्य प्रदेश के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वर्ष 2006 से नंद कल्याण समिति, ग्वालियर की ओर से बलराम जयंती का आयोजन किया जाता रहा है। इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में इसे बड़े स्तर पर किसान महोत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों को सहकारिता से जोड़ने के लिए प्रदेश के विभिन्न संभागों और 27 जिलों का दौरा किया गया है। लक्ष्य है कि 15 सितंबर तक 10 लाख से अधिक किसानों को प्राथमिक सहकारी समितियों का सदस्य बनाया जाए।
बिना ब्याज 3 लाख रुपये तक ऋण देने की तैयारी
महेंद्र सिंह यादव के मुताबिक प्राथमिक सहकारी समितियों से जुड़ने वाले किसानों को एक वर्ष तक बिना ब्याज के 3 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस प्रस्ताव पर सहमति दे दी है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
उन्होंने दावा किया कि ग्वालियर में होने वाला यह किसान महोत्सव खेतीहर मजदूरों और किसानों के जीवन में खुशहाली लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम में किसानों के सम्मान के साथ उन्हें कृषि और सहकारिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।



