लोकल न्यूज़

सुमावली में तालिबानी क्रूरता: बीच सड़क पर छात्र के पैर रस्सी से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने पर एक आरोपी गिरफ्तार

सुमावली (मुरैना)। जिले के सुमावली थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक नाबालिग छात्र को बीच सड़क पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने तालिबानी क्रूरता की हदें पार करते हुए छात्र के पैर रस्सी से बांध दिए और लाठियों से उसकी जमकर पिटाई की। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को हवालात के पीछे भेज दिया है, जबकि दूसरा फरार है।

कोचिंग पढ़कर लौट रहा था छात्र, मेला ग्राउंड के पास घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। जांच करने पर पता चला कि यह वीडियो सुमावली कस्बे के मेला ग्राउंड के पास का है।

पीड़ित नाबालिग छात्र चौखुटी गांव का रहने वाला है। वह जिला मुख्यालय मुरैना से अपनी नियमित कोचिंग पढ़कर बस या अन्य साधन से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुमावली कस्बे में मेला ग्राउंड के पास पहुंचा, घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और बंधक बना लिया।

प्रेम-प्रसंग बना विवाद की वजह, पैर बांधकर बरपाया कहर

सुमावली थाना प्रभारी रवी प्रताप सिंह गुर्जर के मुताबिक, इस पूरी हिंसक वारदात की मुख्य वजह प्रेम-प्रसंग है। पीड़ित छात्र का गांव की ही एक नाबालिग लड़की के साथ प्रेम-संबंध था, जिससे आरोपी पक्ष नाराज था।

बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने छात्र को बीच सड़क पर रोका, उसके पैरों को रस्सी से पूरी तरह जकड़ दिया ताकि वह भाग न सके, और फिर उस पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान तमाशबीन बने लोगों में से किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, दूसरे आरोपी की तलाश तेज

वायरल वीडियो जैसे ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में आया, पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने आनन-फानन में पीड़ित की शिकायत और वीडियो के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार चल रहे दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, और उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!