मध्य प्रदेशराज्यलोकल न्यूज़

मुरैना: पगारा डैम में पिकनिक मनाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, 17 घंटे चले रेस्क्यू के बाद SDRF ने निकाला शव

टापू पर दोस्तों के साथ पार्टी के बाद हुआ हादसा

मुरैना के काशीपुर के रहने वाले 24 वर्षीय राहुल इंदौलिया अपने चार दोस्तों (सचिन सिकरवार, कल्ला तोमर, कान्हा तोमर और ललित राठौर) के साथ जौरा थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध पगारा डैम पर पिकनिक मनाने गए थे। सभी दोस्त डैम के बीचों-बीच स्थित एक टापू जैसी जगह पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने पहले पार्टी की। इसके बाद राहुल नहाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन तैरते-तैरते वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा।

 अंधेरे के कारण रात में रोकना पड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

राहुल को डूबता देख उसके दोस्तों ने चीख-पुकार मचाई और स्थानीय लोगों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन तब तक राहुल पानी में पूरी तरह समा चुका था। दोस्तों की सूचना पर जौरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। शुक्रवार की शाम को करीब दो घंटे तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा बढ़ जाने के कारण ऑपरेशन को बीच में ही रोकना पड़ा।

सुबह दोबारा शुरू हुई खोज, पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

अगले दिन शनिवार की सुबह SDRF की टीम ने डैम में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद, घटना के करीब 17 घंटे बाद राहुल के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला जा सका। जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव के मुताबिक, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!