लोकल न्यूज़

भिंड में पटाखे की चिंगारी से भड़का विवाद, दो पक्षों में मारपीट; बंदूक लेकर छत पर चढ़ा युवक

 

भिंड। शहर के लहार रोड स्थित कलेक्ट्रेट के सामने शुक्रवार शाम आतिशबाजी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए राठौर समाज के एक युवक के साथ भी मारपीट की गई। विवाद के बीच एक युवक बंदूक लेकर मकान की छत पर चढ़ गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

आतिशबाजी से निकला पत्थर का टुकड़ा बना विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, कुछ युवक कलेक्ट्रेट के सामने स्थित एक दुकान पर आतिशबाजी खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने आतिशबाजी चला दी। बताया जा रहा है कि आतिशबाजी से निकला पत्थर का टुकड़ा एक युवक को लग गया। इस बात को लेकर नाराज युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

बीच-बचाव करने आए युवक के साथ भी मारपीट

विवाद बढ़ता देख राठौर समाज का एक युवक बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन वह भी मारपीट का शिकार हो गया। इसी दौरान एक युवक बंदूक लेकर पास के मकान की छत पर चढ़ गया। इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, दोनों पक्ष थाने पहुंचे

घटना की सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर विवाद में शामिल युवक एक मकान के अंदर चले गए। बाद में दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनसे घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। रात करीब 8:30 बजे तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!