लोकल न्यूज़

मुख्यमंत्री के मुरैना दौरे से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शॉर्ट एनकाउंटर में इनामी डकैत कल्ली गुर्जर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुरैना दौरे से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। बानमोर के ललितपुरा गांव के जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से कल्ली गुर्जर घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी अजय गुर्जर को भी गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

बानमोर के जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, बानमोर के ललितपुरा गांव के जंगल में पुलिस की कल्ली गुर्जर और उसके साथियों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर 20 से अधिक राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली कल्ली गुर्जर के टखने के नीचे लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। उसके साथ मौजूद अजय गुर्जर निवासी लहर को भी पकड़ लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो बंदूक और 50 से अधिक कारतूस बरामद किए हैं। मुख्यमंत्री के दौरे से एक दिन पहले हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

दो हत्याओं सहित कई गंभीर मामलों में आरोपी है कल्ली

कल्ली गुर्जर पर मुरैना में दो हत्याओं के मामलों में आरोपी होने का आरोप है। इसके अलावा ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के अपहरण और घाटीगांव में हाईवे पर वाहनों पर फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।

पुलिस के अनुसार, कल्ली गुर्जर पिछले तीन महीने से सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय था। वह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर हर दो-तीन दिन में वीडियो पोस्ट कर अपने विरोधियों को खत्म करने की धमकी देता था। उसके वीडियो को लेकर पुलिस की मुश्किलें बढ़ रही थीं।

तीन जिलों में घोषित था इनाम, राजस्थान सीमा के पास बताया जाता है गढ़

कल्ली गुर्जर पर मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर पुलिस की ओर से कुल 85 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसमें मुरैना पुलिस ने 60 हजार, ग्वालियर पुलिस ने 20 हजार और श्योपुर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम रखा था।

बताया जाता है कि कल्ली गुर्जर का ठिकाना श्योपुर से सटे राजस्थान के इलाके में रहा है। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के बाद उससे जुड़े आपराधिक मामलों और नेटवर्क की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!