Dabra: ग्राम चेतावनी में शॉर्ट सर्किट का कहर, 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख; विधायक सुरेश राजे ने दिया मदद का भरोसा

डबरा (ग्वालियर): ग्वालियर जिले के डबरा विधानसभा अंतर्गत आने वाले ग्राम चेतावनी में मंगलवार को भीषण आगजनी की घटना हुई। बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने खेतों में खड़ी पककर तैयार गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब 30 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर खाक हो गई है, जिससे प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
देखते ही देखते स्वाहा हो गई फसल
जानकारी के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि जब तक किसान कुछ समझ पाते, लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में किसान दुर्ग सिंह रावत, हनुमत रावत और परमाल रावत सहित अन्य ग्रामीणों की फसलें बर्बाद हुई हैं। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे अन्य खेतों को जलने से बचाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
विधायक सुरेश राजे ने किया खेतों का दौरा
हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सुरेश राजे अपने कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम चेतावनी पहुँचे। उन्होंने जले हुए खेतों के बीच जाकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित किसानों को ढांढस बंधाया। किसानों ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और शासन से मदद की गुहार लगाई। विधायक राजे ने मौके से ही प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर तत्काल सर्वे कराने और उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
इलाके में बढ़ रही हैं आगजनी की घटनाएं
पिछले कुछ दिनों में डबरा, भितरवार और आसपास के ग्रामीण अंचलों में आगजनी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। अब तक सैकड़ों बीघा फसल जलकर नष्ट हो चुकी है। किसानों का आरोप है कि जर्जर बिजली के तारों और झूलते हुए कंडक्टर्स की वजह से शॉर्ट सर्किट हो रहे हैं, जिस पर बिजली विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। फिलहाल, चेतावनी गांव के किसान अब जिला प्रशासन और सरकार की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं कि उन्हें कब तक राहत राशि प्रदान की जाती है।




