लोकल न्यूज़

मुरैना में दहेज के कारण अटका रिश्ता, युवती को साथ ले गया युवक; पुलिस ने दर्ज किया मामला

मुरैना की गांधी कॉलोनी से 22 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिलगांव निवासी युवक रवि शर्मा युवती को 22 सितंबर की सुबह उसके घर के पास से अपने साथ ले गया। युवती के पिता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने नामजद युवक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। युवती के लापता होने के बाद से रवि का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है।

दहेज की मांग के चलते नहीं हो सकी शादी की बात

जानकारी के अनुसार गांधी कॉलोनी निवासी परिवार ने अपनी 22 वर्षीय बेटी के विवाह के लिए बिलगांव निवासी रवि शर्मा से रिश्ता तय करने की बात शुरू की थी। बताया गया कि रवि के स्वजन की ओर से शादी में दहेज की मांग की गई। युवती के पिता ने इतनी रकम तत्काल देने में असमर्थता जताते हुए कहा कि रुपये की व्यवस्था होने के बाद शादी को लेकर आगे बात की जाएगी।

इसी दौरान रवि की सबलगढ़ निवासी बहन मनीषा और जौरा निवासी बहन संध्या का युवती के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक बहन युवती को मोबाइल फोन देकर गई, जिसके माध्यम से युवती और रवि के बीच बातचीत होने लगी।

शादी का झांसा देकर साथ ले जाने का आरोप

परिवार के अनुसार रवि ने युवती से बातचीत के दौरान उसे शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि 22 सितंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह युवती के घर के पास पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद युवती का कोई पता नहीं चल सका।

युवती के पिता को जानकारी मिली कि रवि जौरा में स्कूल बस चलाता है। वहीं बाद में रवि ने युवती के पिता से जयपुर में नौकरी करने की बात कही थी।

मोबाइल बंद, पुलिस तलाश में जुटी

युवती के लापता होने के बाद उसके परिजन ने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी रवि शर्मा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती और आरोपी युवक की तलाश कर रही है।

परिवार के अनुसार रवि का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। वहीं उसकी दोनों बहनों द्वारा युवती के पिता का फोन नंबर ब्लैकलिस्ट किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!