Gwalior Breking: भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय; अब 12:00 बजे तक ही लगेंगे स्कूल, कलेक्टर ने जारी किए आदेश

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर अंचल में सूर्य के तीखे तेवरों ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन करने का आदेश जारी किया है। अब दोपहर की तपिश से बच्चों को बचाने के लिए स्कूलों की छुट्टी जल्दी की जाएगी।
कक्षा 1 से 12वीं तक नया समय निर्धारित
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, ग्वालियर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं अब दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। दोपहर 12 बजे के बाद किसी भी स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियां नहीं होंगी, ताकि बच्चे कड़ी धूप शुरू होने से पहले सुरक्षित अपने घर पहुँच सकें।
परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि केवल नियमित कक्षाओं के समय में परिवर्तन किया गया है। जो परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे अपने पूर्व निर्धारित समय पर ही संपन्न होंगी। बोर्ड परीक्षाओं या स्थानीय परीक्षाओं के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है, ताकि छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
तापमान 40 डिग्री के पार, लू का खतरा बढ़ा
ग्वालियर में पिछले कुछ दिनों से गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँच गया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी, जिसे देखते हुए स्कूली शिक्षा विभाग ने कलेक्टर के निर्देश पर यह आदेश सभी स्कूलों को भेज दिया है।
निर्देशों का पालन अनिवार्य
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिले के सभी सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE), मध्य प्रदेश बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त निजी व सरकारी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



