माड़ा घाटी में अनियंत्रित होकर खंती में गिरी बस

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार दोपहर शिवपुरी-रन्नौद मार्ग पर माड़ा घाटी के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। शिवपुरी से रन्नौद जा रही रघुवंशी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंती में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे, जिनमें से 10 से 12 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
बस पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सड़क पर गड्ढों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, माड़ा घाटी मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि गड्ढों से बचने के प्रयास में बस चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खंती में जा गिरी। हालांकि, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने संबंधित लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।




