लोकल न्यूज़

मुरैना में नकली डीएपी खाद प्लांट का भंडाफोड़, 300 बोरे जब्त; पानी में डालते ही घुली खाद

मध्य प्रदेश के मुरैना में किसानों को नकली खाद बेचने के मामले का खुलासा हुआ है। खाद की किल्लत के बीच जेवराखेरा रोड पर पुलिस ने नकली डीएपी खाद की पैकिंग करने वाले प्लांट पर कार्रवाई की। यहां सफेद बोरों में रखी खाद को हरे रंग के ब्रांडेड बोरों में भरा जा रहा था। पुलिस ने मौके से आठ लोगों को पकड़ा और 300 बोरे नकली डीएपी खाद जब्त की।

खाद की किल्लत के बीच किसानों से धोखाधड़ी

किसानों को इन दिनों डीएपी खाद की एक-एक बोरी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। खाद का स्टॉक आने के बाद ऑनलाइन बुकिंग में भी कम समय में ही उपलब्ध मात्रा खत्म हो जाती है। इसी संकट के बीच कुछ लोगों पर नकली खाद तैयार कर किसानों को बेचने का आरोप है।

सफेद बोरों से हरे बोरों में भरी जा रही थी खाद

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला को मुखबिर से सूचना मिली कि जेवराखेरा रोड पर एक कच्चे मकान में नकली खाद तैयार करने और उसकी पैकिंग का काम चल रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

जेवराखेरा रोड पर कॉलोनी की प्लॉटिंग के बीच एक प्लॉट में दीवारों के सहारे टिनशेड बनाया गया था। वहां आठ लोग बोरों में खाद की पैकिंग करते मिले। जांच के दौरान सामने आया कि सफेद बोरों में रखी खाद को हरे रंग के डीएपी खाद के बोरों में भरा जा रहा था।

पानी में डालते ही घुल गई खाद

पुलिस की कार्रवाई के दौरान बरामद खाद की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। बताया गया कि खाद को पानी में डालते ही वह मिट्टी की तरह घुल गई। मौके से 300 बोरे नकली डीएपी खाद जब्त किए गए हैं। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। नकली खाद की आपूर्ति और इसके पीछे शामिल लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!