ग्वालियर में ब्याज के विवाद में किसान की हत्या, मंदिर में कसम खाकर रची साजिश; 72 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के केदारपुर में किसान पुरुषोत्तम गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, ब्याज पर लिए गए रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि मूल रकम से अधिक ब्याज चुकाने के बाद भी पैसे मांगे जाने से परेशान होकर आरोपियों ने हत्या की साजिश रची। वारदात से पहले आरोपियों के शीतला माता मंदिर जाने और वहां हत्या सफल होने की कामना करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
20 प्रतिशत ब्याज को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, पुरुषोत्तम गुर्जर ब्याज पर रुपये उधार देता था। आरोपी रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल गुर्जर और विजय उर्फ खैरी गुर्जर ने उससे करीब 20 प्रतिशत ब्याज की दर पर लाखों रुपये उधार लिए थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे मूल रकम से अधिक ब्याज चुका चुके थे, लेकिन इसके बाद भी उनसे रुपये मांगे जा रहे थे। इसी विवाद के चलते उन्होंने पुरुषोत्तम की हत्या करने का फैसला किया।
मंदिर में कसम खाने के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक, घटना से करीब तीन दिन पहले चारों आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। बताया गया कि वारदात वाले दिन सुबह वे शीतला माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने हत्या करने की कसम खाई और पुजारी से आशीर्वाद लिया। आरोप है कि उन्होंने माता की प्रतिमा पर चढ़ी माला भी मांगी और उसे पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे।
हिसाब करने के बहाने खेत में ले गए पुरुषोत्तम
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे रमन गुर्जर ने पुरुषोत्तम को उसके घर के बाहर सोते समय उठाया। उस समय पुरुषोत्तम की पत्नी मायके गई हुई थी। रमन रुपये देने और हिसाब करने के बहाने उसे भागीरथ गुर्जर के खेत में ले गया। वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने बातचीत के दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर कई वार किए जाने से पुरुषोत्तम की मौत हो गई।
शव के पास मिली पर्ची से मिला सुराग
14 अक्टूबर को डायल 112 पर भागीरथ गुर्जर के खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 35 वर्षीय पुरुषोत्तम गुर्जर, निवासी छोटी मडईयां, केदारपुर के रूप में की। पुलिस को शव के पास से एक पर्ची मिली, जिसमें 3.32 लाख रुपये का हिसाब दर्ज था। इसी पर्ची के आधार पर जांच आगे बढ़ी और रमन गुर्जर सहित अन्य आरोपियों तक पुलिस पहुंची।
72 घंटे में पुलिस ने किया मामले का खुलासा
एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, झांसी रोड थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह ब्याज के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




