लोकल न्यूज़

कुएं में गिरा मोबाइल निकालने उतरे कथावाचक की मौत, जहरीली गैस से घुटा दम


मुरैना में मोबाइल निकालने के प्रयास में एक 26 वर्षीय कथावाचक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सूखे कुएं में वर्षों से जमा जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया। उन्हें बचाने के लिए उतरा एक दोस्त भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया, जिसे समय रहते बाहर निकाल लिया गया।

मोबाइल निकालने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, श्यामपुर खुर्द निवासी और वर्तमान में रामनगर की तोमर गली में रहने वाले शिवकुमार उपाध्याय (26) गुरुवार को रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित खाकी की धर्मशाला परिसर के मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके कुर्ते की जेब में रखा मोबाइल कुएं में गिर गया।

मोबाइल निकालने के लिए शिवकुमार रस्सी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन करीब 15 से 20 फीट नीचे पहुंचते ही जहरीली गैस की चपेट में आ गए और बेहोश होकर गिर पड़े।

बचाने उतरा दोस्त भी बेहोश

शिवकुमार के कुएं में गिरने के बाद उनके दोस्त देवेश शर्मा उन्हें बचाने के लिए नीचे उतरे। हालांकि, वह भी कुछ ही दूरी पर गैस की वजह से बेहोश हो गए। ऊपर मौजूद लोगों ने तत्काल रस्सी के सहारे देवेश को बाहर खींच लिया, जिससे उनकी जान बच गई।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शिवकुमार को कुएं से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जहरीली गैस बनी मौत की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुआं लंबे समय से सूखा और अधिकांश हिस्सा ढका हुआ था। ऐसे में अंदर जहरीली गैस जमा हो गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!