लोकल न्यूज़

कलम बंद, काम ठप! तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

मुरैना। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार को जिले भर के करीब 250 पटवारी न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए। पटवारियों ने कार्यालयीन कार्यों का बहिष्कार करते हुए कलम बंद हड़ताल शुरू कर दी है।

पदोन्नति, कैडर रिव्यू और वेतनमान सुधार की मांग

हड़ताल पर बैठे पटवारियों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति प्रक्रिया को गति देना, कैडर रिव्यू लागू करना और समयमान वेतनमान में सुधार शामिल है। पटवारी संघ का कहना है कि ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

पटवारियों का कहना है कि कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखी गईं, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता या सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना जारी रहेगा।

पटवारियों की हड़ताल का सीधा असर राजस्व विभाग के कार्यों पर पड़ सकता है। जमीन नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, राजस्व अभिलेखों से जुड़े कार्य और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!