लोकल न्यूज़

जिले में 31 जुलाई तक मनेगा “फसल बीमा माह” अभियान

कलेक्टर ने दिए निर्देश अधिक से अधिक किसानों की फसलों का कराएं बीमा

ग्वालियर, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक अभियान बतौर “फसल बीमा माह” मनाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान ऋणी एवं अऋणी कृषकों की अधिसूचित खरीफ फसलों का व्यापक स्तर पर बीमा कराया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र किसानों का फसल बीमा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्राम स्तर पर प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जाएँ, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री भानु प्रकाश शर्मा ने जिले के कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी अधिसूचित खरीफ फसलों का अनिवार्य रूप से बीमा कराएं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि, बाढ़, सूखा एवं अन्य प्राकृतिक कारणों से फसल को होने वाली क्षति की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है।
उप संचालक कृषि श्री शर्मा ने बताया कि फसल बीमा माह के दौरान विभागीय अधिकारी एवं मैदानी अमला ग्राम स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को योजना की जानकारी देंगे तथा बीमा कराने में आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराएंगे।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित अधिक जानकारी अथवा फसल बीमा कराने के लिए कृषकगण जिले स्तर पर  श्री अभिषेक गौतम (मोबाइल: 98272 56464) से अथवा अपने निकटतम कृषि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
फसल बीमा कराने के लिए यह है प्रीमियम राशि
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों के लिए किसानों को मात्र 2 प्रतिशत, रबी फसलों के लिए 1.5 प्रतिशत तथा वाणिज्यिक एवं बागवानी फसलों के लिए 5 प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करना होता है। निर्धारित प्रीमियम जमा कर किसान अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!