लोकल न्यूज़

एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण के लिए 316 मकान-दुकानों पर कार्रवाई की तैयारी, नोटिस जारी

फूलबाग से गिरवाई तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज

ग्वालियर में एलिवेटेड रोड परियोजना के दूसरे चरण को गति देने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सेतु संभाग की मांग पर फूलबाग से गिरवाई तक निर्माण कार्य के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके तहत करीब 21.50 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जिससे परियोजना के निर्माण कार्य को गति मिल सके।

316 मकान और दुकानों को हटाने की तैयारी

परियोजना क्षेत्र में आने वाले कुल 316 मकानों और दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में तहसीलदार लश्कर द्वारा प्रभावित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार नोटिसों की तामील पूरी होने के बाद बड़े स्तर पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक दूसरे चरण में 121 निजी भू-स्वामियों की भूमि और शासकीय भूमि पर बने 195 अतिक्रमण प्रभावित होंगे। वीरपुर, गिरवाई, कोटा लश्कर और शहर लश्कर क्षेत्र में स्थित कई मकान, दुकानें और अन्य निर्माण इस कार्रवाई की जद में आएंगे।

15 अक्टूबर से तेज होगा निर्माण कार्य

बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद परियोजना के कार्यों में तेजी लाने की योजना बनाई गई है। प्रशासन और पीडब्ल्यूडी ने 15 अक्टूबर से दूसरे चरण के निर्माण कार्य को गति देने का लक्ष्य तय किया है। योजना के तहत कुल 132 स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि एलिवेटेड रोड के लिए एंट्री और एग्जिट लूप विकसित किए जा सकें।

परियोजना के तहत फूलबाग, तारागंज, जीवाजीगंज, नदी गेट, हनुमान बांध, जनकगंज और गिरवाई क्षेत्र में विभिन्न एंट्री एवं एग्जिट लूप तैयार किए जाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि दूसरे चरण का निर्माण पूरा होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या कम होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!