शिवपुरी में सिंध नदी में डूबे 14 साल के बच्चे का शव मिला, 18 घंटे चला रेस्क्यू

ऋषिपंचमी पर मां के साथ नदी पर गया था सौरभ
शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के बिजरौनी गांव के पास सिंध नदी में मंगलवार दोपहर डूबे 14 वर्षीय सौरभ कुशवाह का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। करीब 18 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद सुबह लगभग 8 बजे घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी में शव उतराता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन बदहवास हो गए और मौके पर ही रोने लगे।
मंगलवार को ऋषिपंचमी के अवसर पर गांव की कुछ महिलाएं पूजा और स्नान के लिए सिंध नदी पहुंची थीं। उनके साथ बच्चे भी गए थे। सौरभ भी अपनी मां के साथ नदी पर पहुंचा था। महिलाएं नदी किनारे पूजा कर रही थीं, इसी दौरान सौरभ नहाने के लिए पानी में उतरा और गहरे पानी में चला गया।
अंधेरा होने पर रोकना पड़ा तलाश अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही इंदार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने मंगलवार दोपहर से नदी में सौरभ की तलाश शुरू की। कई घंटे तक खोजबीन के बाद अंधेरा होने पर अभियान रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब 4 बजे सौरभ के परिजन और ग्रामीण दोबारा नदी पर पहुंचे और अपने स्तर पर भी तलाश शुरू कर दी। करीब चार घंटे की तलाश के बाद सुबह 8 बजे घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी में सौरभ का शव दिखाई दिया।
अवैध रेत खनन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
सौरभ की मौत के बाद ग्रामीणों ने सिंध नदी में कथित अवैध रेत खनन को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि रेत निकालने के कारण नदी में कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं देते, जिससे नदी में नहाने वालों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस ने शव बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सौरभ की मौत के बाद उसके परिवार के साथ पूरे बिजरौनी गांव में शोक का माहौल है।




