भिंड में गणेश विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में बहे तीन युवक, देर रात तक तलाश जारी

भिंड के ऊमरी थाना क्षेत्र के कनावर गांव में शुक्रवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। क्वारी नदी के पुल के नीचे विसर्जन करने पहुंचे तीन युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर युवकों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल ने तलाशी अभियान शुरू किया।
विसर्जन के दौरान तेज बहाव में बहे तीन युवक
हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। नदी में डूबने वालों की पहचान 16 वर्षीय विष्णु पुत्र नरसिंह निवासी चरी कनावर, 18 वर्षीय मदन पुत्र जयचंद्र निवासी कोट और 17 वर्षीय अभिजीत पुत्र अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि विष्णु ने अपने घर पर गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। शुक्रवार को वह दोस्तों और स्वजनों के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए क्वारी नदी पहुंचा था।
विसर्जन के दौरान तीनों युवक नदी के बीच में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी घाट पर पहुंच गए और युवकों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, ग्रामीण गोताखोर भी जुटे
घटना के समय ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर पांडरी बाबा मंदिर के पास ड्यूटी पर थे। सूचना मिलते ही वे पुलिस बल के साथ कनावर स्थित क्वारी नदी घाट पर पहुंचे। पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए एसडीईआरएफ टीम को सूचना दी।
पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी नदी में उतरकर तलाश शुरू की। ग्रामीण गोताखोरों की मदद ली गई, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
अंधेरा बढ़ने के बीच एसडीईआरएफ का तलाशी अभियान
देर शाम एसडीईआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। अंधेरा होने के कारण बचाव दल के सामने भी चुनौती बढ़ गई। इसके बावजूद नदी में युवकों की तलाश जारी रही।
हादसे के बाद कनावर गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस और बचाव दल नदी में बहे तीनों युवकों की तलाश में जुटे हैं।



