लोकल न्यूज़

ग्वालियर 31 लाख लेकर फरार जालसाज खड़गपुर की चौपाटी से पकड़ा:चार साल से ग्वालियर पुलिस को दे रहा था चकमा, छह स्थायी वारंट थे; चाट खाते दबोचा

ग्वालियर में घर बनाने का सपना दिखाकर 31 लाख रुपए से ज्यादा ऐंठने के मामले में चार साल से फरार आरोपी को महाराजपुरा थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज था और अलग-अलग अदालतों से उसके छह स्थायी वारंट भी जारी हो चुके थे। पुलिस को मोबाइल लोकेशन से उसके पश्चिम बंगाल में होने की जानकारी मिली थी। टीम ने खड़गपुर पहुंचकर तीन दिन तक निगरानी रखी और आखिरकार उसे पुरी गेट, हिजली स्थित चौपाटी पर चाट खाते हुए पकड़ लिया।

महाराजपुरा सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार शताब्दीपुरम निवासी रणविजय सिंह ने राजू राव निवासी डी-ब्लॉक, शताब्दीपुरम के खिलाफ शिकायत की थी। एग्रीमेंट वर्ष 2022 में 21 वाई 40 के प्लॉट पर मकान बनाकर देने के लिए हुआ था। रणविजय ने किस्तों में 31 लाख रुपए से अधिक आरोपी को दिए थे। आरोपी ने जमीन के एक हिस्से की रजिस्ट्री कर दी, लेकिन बाकी जमीन की रजिस्ट्री को लेकर लगातार टालमटोल करता रहा।

दबाव बनाने पर आरोपी ने कथित तौर पर धमकाया और बाद में फरार हो गया। वर्ष 2026 में उसके खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

फरार आरोपियों की तलाश के अभियान के तहत एएसआई मनोज शर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद शर्मा, आरक्षक गिर्राज गुर्जर, रुस्तम और शीलेंद्र सिंह की टीम बनाई गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस पश्चिम बंगाल पहुंची और खड़गपुर में तीन दिन तक निगरानी रखी।

पुलिस टीम पहले उसके ठिकाने पर पहुंची तो आरोपी वहां नहीं मिला। अगले दिन पुरी गेट, हिजली खड़गपुर की चौपाटी पर वह चाट खाते नजर आया। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पहले गलत नाम बताकर गुमराह करने की कोशिश की और फिर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपी के खिलाफ अलग-अलग अदालतों से छह स्थायी वारंट जारी होना सामने आया। खड़गपुर की स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर ग्वालियर लेकर आई है। अब उससे अमानत में खयानत के मामले के साथ अन्य लंबित मामलों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि___अमानत में खयानत के मामले में चार साल से फरार आरोपी को खड़गपुर से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ छह स्थायी वारंट लंबित हैं। उसे ट्रांजिट रिमांड पर ग्वालियर लाकर पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!