लोकल न्यूज़

3 माह की बच्ची की मौत के बाद कब्र खोदकर शव घर के बाहर फेंकने का आरोप

ग्वालियर। भितरवार के करहिया थाना क्षेत्र के चैतगांव स्थित मुंशी का पुरा में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। तीन माह की बच्ची की मौत के बाद उसके शव को दफनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बच्ची की कब्र खोदकर शव को बंजारा परिवार के घर के बाहर फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

बच्ची की मौत के बाद नदी किनारे किया था अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार, बीरबल बंजारा की तीन माह की बेटी की रविवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने बच्ची के शव को भीमवाड़ा नदी के किनारे दफना दिया था। इसके बाद जमीन को लेकर विवाद खड़ा होने की बात सामने आई है।

कब्र खोदकर शव बाहर फेंकने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि जमीन के विवाद को लेकर गुर्जर समाज के पप्पू गुर्जर, राजेंद्र और रामनिवास ने बच्ची को दफनाने का विरोध किया। आरोप है कि बाद में कब्र खोदकर बच्ची के शव को निकालकर बंजारा परिवार के दरवाजे पर फेंक दिया गया।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर जाम लगा दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने बच्ची के शव को दूसरी जगह दफन कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद से जुड़े लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!