लहार बाइपास पर भीषण सड़क हादसा, स्कार्पियो-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

भिंड जिले के लहार बाइपास पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा लहार के नए बाइपास स्थित जमुहां तिराहे के पास शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार दूर जा गिरे।
हादसे में बाइक चला रहे राज यादव (14 वर्ष) निवासी परासनी, जिला जालौन और अभिषेक (19 वर्ष) निवासी जैतपुरा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक पर सवार प्रांसी (18 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना निजी वाहन से घायलों को लहार अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने राज यादव और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रांसी को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कार्पियो तथा क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार स्कार्पियो चालक की तलाश जारी है।
बाइट – शिवसिंह यादव, डीएसपी लहार
“दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। घायल युवती का उपचार जारी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”



