अम्बाह: पार्षदों का अनूठा विरोध; सीएमओ को भेंट कीं चूड़ियां, गंदगी और जलभराव की समस्या पर फूटा गुस्सा

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अम्बाह नगर पालिका में आज एक बेहद अजीबोगरीब और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और जलभराव से आक्रोशित पार्षदों ने नगर पालिका सीएमओ (CMO) के सामने अनोखे ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया नगर पालिका कार्यालय आज अखाड़ा बन गया जब वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद दिनेश सिंह तोमर अपने समर्थकों के साथ सीएमओ सवीर कौशर के चैंबर में दाखिल हुए। पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की।
“काम नहीं होता तो चूड़ियां पहन लें”: पार्षदों का तंज
विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्षद दिनेश सिंह तोमर ने सीएमओ को चूड़ियां भेंट करते हुए कहा कि जब उनसे शहर की व्यवस्थाएं नहीं संभल रही हैं, तो उन्हें चूड़ियां पहनकर ऑफिस में बैठना चाहिए। जब सीएमओ ने चूड़ियां लेने से इनकार कर दिया, तो आक्रोशित पार्षदों ने जबरन उनकी शर्ट के बटन खोलकर चूड़ियां अंदर डाल दीं। इस घटना के बाद कार्यालय में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
कचरा डंपिंग और बीमारियों का खतरा
पार्षदों का मुख्य आरोप है कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी शहर का कचरा ‘पुराना थाना परिसर’ में डंप कर रहे हैं। रिहायशी इलाके के पास कचरे का ढेर होने के कारण वहां भयंकर बदबू और बीमारियां फैलने का अंदेशा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे पार्षदों का धैर्य जवाब दे गया।
फोन न उठाने और अनदेखी का आरोप
पार्षद दिनेश सिंह तोमर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सीएमओ सवीर कौशर न तो जनता की सुनते हैं और न ही जनप्रतिनिधियों का फोन रिसीव करते हैं। शहर के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन नगर पालिका का अमला शिकायतों को लगातार अनसुना कर रहा है। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



