Uncategorized

डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर रकम लेने का आरोप

मध्यप्रदेश के भिंड में राजश्री गुटखा की एजेंसी दिलाने के नाम पर एक कारोबारी से 5 लाख 75 हजार 560 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, भोपाल निवासी राजीव वर्मा ने डीलरशिप दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किश्तों में रकम अपने बैंक खाते में जमा कराई। आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद न तो एजेंसी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

10 लाख रुपये में तय हुई थी एजेंसी की डील

पुलिस के अनुसार, भिंड की पुरानी बस्ती स्थित कालिका गली निवासी 47 वर्षीय विनोद शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात भोपाल के रवेरा टाउन निवासी राजीव वर्मा से हुई थी। आरोप है कि राजीव ने खुद को गुटखा एजेंसी दिलाने में सक्षम बताया। इसके बाद 10 जुलाई 2026 को भोपाल में हुई मुलाकात के दौरान 10 लाख रुपये में राजश्री गुटखा की डीलरशिप दिलाने की बात तय हुई।

दो किश्तों में खाते में भेजे रुपये, पुलिस ने शुरू की जांच

विनोद शर्मा के मुताबिक, 15 जुलाई को उनके बेटे शिवम शर्मा के खाते से आरोपी के बैंक ऑफ इंडिया खाते में 5 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 28 जुलाई को स्टांप ड्यूटी के नाम पर फर्म के खाते से 75 हजार 560 रुपये उसी खाते में भेजे गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपी डीलरशिप दिलाने में नाकाम रहा और पैसे वापस मांगने पर टालमटोल करता रहा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी खुद को मुख्यमंत्री निवास में संयुक्त निदेशक बताता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!