अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के आठ मामले

भिंड जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के आठ मामले सामने आए हैं। अज्ञात आरोपितों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाते हुए बैंक खातों, फोन-पे और क्रेडिट कार्ड से करीब 7.56 लाख रुपये निकाल लिए। संबंधित थानों में शिकायतें दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
देहात थाना क्षेत्र के भागमल का पुरा निवासी नवलसिंह के खाते से 50 हजार रुपये निकाले गए। वहीं शास्त्री नगर ए ब्लॉक निवासी चंद्रेश परिहार की सुभाष तिराहा स्थित दुकान से संबंधित खाते से 1.36 लाख रुपये कटने की शिकायत की गई है।
मेहगांव और फूफ क्षेत्र में भी हुई ठगी
मेहगांव थाना क्षेत्र में भिंड-ग्वालियर रोड स्थित सुल्तानसिंह पेट्रोल पंप के पास दुकान संचालक संतोष बाबू ओझा ने शिकायत दर्ज कराई कि 4 सितंबर को दोपहर 3.15 बजे से शाम 5.15 बजे के बीच शैलेष कुमार, संगीता पात्रा और एक अन्य व्यक्ति ने छलपूर्वक उनके खातों में कुल 88 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
फूफ थाना क्षेत्र के ज्ञानपुरा निवासी 23 वर्षीय रौनक प्रजापति के अटेर रोड स्थित क्लीनिक से जुड़े खाते से पहले एक रुपये, इसके बाद 35 हजार रुपये और 49 रुपये निकाले गए। वहीं मौ थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ला निवासी गोल्डी जैन के खाते से 30 हजार रुपये निकालने की शिकायत सामने आई है।
फोन-पे और क्रेडिट कार्ड से भी निकली रकम
दबोह के हनुमान कॉलोनी निवासी अजुद्दी प्रसाद के फोन-पे से 8 सितंबर को दोपहर करीब 12.30 बजे धोखाधड़ी कर 38,300 रुपये निकाले गए। अटेर थाना क्षेत्र के रैपुरा निवासी 23 वर्षीय अमन शर्मा ने 31 अगस्त को करीब 59 हजार रुपये की साइबर ठगी की शिकायत की है।
वहीं बलारपुरा निवासी 33 वर्षीय धर्मेंद्र नरवरिया के क्रेडिट कार्ड से 4 सितंबर को कुल 2,47,153 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज इन मामलों की पुलिस जांच कर रही है और ठगी की रकम निकालने वाले अज्ञात आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।




