कल ग्वालियर में निकलेगी अग्रवाल जागरण वाहन रैली, 2000 लोगों के शामिल होने की संभावना

कोटेश्वर मंदिर से सुबह 9 बजे शुरू होगी रैली
ग्वालियर में अग्रसेवा संस्थान की ओर से रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को अग्रवाल जागरण वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली को भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली का शुभारंभ सुबह 9 बजे बहोड़ापुर स्थित कोटेश्वर मंदिर से होगा।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी वाहन रैली
संस्थान के अध्यक्ष श्री अजय कुमार जैन ने बताया कि कोटेश्वर मंदिर से शुरू होने के बाद रैली किला गेट, हजारी, गोले का मंदिर, मुरार, अंचलेश्वर, सदर बाजार, पटेल नगर सिटी सेंटर, एजी पुल और विवेकानंद चौराहा होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से निकलेगी। इसके बाद रैली अचलेश्वर, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, फूलबाग और गांधी रोड सहित अन्य मार्गों से होकर गुजरेगी।
रैली का समापन फूलबाग मैदान में होगा। यहां समाज के लोगों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है।
40 संस्थाओं के प्रतिनिधि होंगे शामिल
आयोजकों के अनुसार रैली में शहर की करीब 40 अग्रवाल संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे। रैली में करीब 500 दुपहिया वाहन, 50 कार और 40 टेम्पो शामिल होने की संभावना है। कुल मिलाकर लगभग 1500 से 2000 पुरुष एवं महिलाओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
समाज के बुजुर्गों और महिलाओं की सुविधा के लिए टेम्पो की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने रैली में अधिक से अधिक समाजजनों के शामिल होने की अपील की है।



