न्यूज

Syopure: भात देने जा रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत; चीख-पुकार के बीच पूर्व मंत्री रामनिवास रावत पहुँचे अस्पताल

श्योपुर: विजयपुर थाना क्षेत्र के गैस गोदाम के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। वीरपुर तहसील के घूघस गांव से विजयपुर के झारबडौदा जा रहे गुर्जर समाज के लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


मंगल गीतों के बीच पसरा सन्नाटा

जानकारी के अनुसार, ट्रॉली में सवार सभी लोग वीरपुर के घूघस गांव के निवासी थे। ये सभी झारबडौदा गांव में एक सामाजिक रस्म ‘भात’ (वैवाहिक परंपरा) देने के लिए पूरे उत्साह के साथ जा रहे थे। रास्ते में गैस गोदाम के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

 पूर्व मंत्री ने जाना घायलों का हाल

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हुईं। सभी घायलों को तत्काल विजयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री रामनिवास रावत भी अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।

पुलिस की जांच और गांव में शोक

विजयपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की तस्दीक कर रही है कि हादसा ट्रैक्टर की तेज रफ्तार के कारण हुआ या कोई तकनीकी खराबी हादसे की वजह बनी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद घूघस और झारबडौदा दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है और वैवाहिक खुशियां गम में बदल गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!