मंदिर

Balasore: भगवान की आंखों पर पट्टी बांधकर चोरी, शनि मंदिर और हनुमान मंदिर से लाखों के गहने पार; अनोखी तरकीब देख पुलिस भी हैरान

बालासोर (ओडिशा): जिले के नीलगिरी सब-डिवीजन अंतर्गत कोलीगाड़ी गांव में चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस चोरी की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों ने शनि मंदिर में चोरी करने से पहले भगवान शनि देव की आंखों पर काला कपड़ा बांध दिया, ताकि उनकी ‘वक्र दृष्टि’ से बचा जा सके।


हनुमान मंदिर में सबसे पहले बोला धावा

चोरों ने सबसे पहले गांव के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर का ताला तोड़ा। यहाँ से बदमाशों ने भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के चांदी के मुकुट, हनुमान जी का लॉकेट, चांदी के बर्तन, कंगन और पैरों की अंगूठियां सहित कई कीमती सामान बटोर लिए। हनुमान मंदिर को खंगालने के बाद चोर पास ही स्थित शनि मंदिर की ओर बढ़े।

‘पाप’ से बचने के लिए शनिदेव की आंखों पर बांधी पट्टी

शनि मंदिर पहुँचकर चोरों ने जो किया, उसने स्थानीय लोगों को आक्रोशित कर दिया है। चोरों ने शनि देव की प्रतिमा की आंखों पर काला कपड़ा बांध दिया। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि चोरों ने अपनी इस ‘अंधविश्वासी’ सोच के तहत ऐसा किया ताकि भगवान उन्हें चोरी करते हुए न देख सकें और उन्हें शनि देव के कोप या पाप का भागी न बनना पड़े। आंखों पर पट्टी बांधने के बाद चोरों ने मंदिर से चांदी का मुकुट, सोने का लॉकेट, झुमके, पायल और कंगन चोरी कर लिए।

4 लाख की चोरी और साइकिल भी ले उड़े

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, दोनों मंदिरों से करीब 4 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहने चोरी हुए हैं। जाते-जाते चोर मंदिर के बाहर खड़ी दो साइकिलें भी अपने साथ ले गए। सुबह जब पुजारी और ग्रामीण मंदिर पहुँचे, तो बिखरा हुआ सामान और भगवान की आंखों पर बंधी पट्टी देख उनके होश उड़ गए।

 पुलिस जांच और सुरक्षा पर सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही नीलगिरी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर का मुआयना किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। धार्मिक स्थलों पर हुई इस तरह की घटना से गांव में काफी तनाव और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!