लोकल न्यूज़

भिंड में शराब के लिए रुपये नहीं देने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने आए मां-भाई और भाभी को भी पीटा

भिंड। जिले के दबोह में शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां 25 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक युवक अपने छह साथियों के साथ आधी रात पीड़ित के घर पहुंचा और हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी नहीं बख्शा गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

शराब के लिए रुपये मांगने पर हुआ था विवाद

दबोह थाना पुलिस के मुताबिक, सरकारी आवास में रहने वाले शैलेंद्र परिहार उर्फ शीलू (25), पुत्र कन्हई से पड़ोस में रहने वाला राजकुमार सविता शराब पीने के लिए रुपये मांग रहा था। शैलेंद्र ने रुपये देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

 छह साथियों के साथ घर पहुंचकर किया हमला

बताया गया है कि बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच राजकुमार अपने छह साथियों के साथ शैलेंद्र के घर पहुंचा। सभी आरोपियों ने मिलकर शैलेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 बचाने आए परिजनों को भी पीटा, सात पर केस

शैलेंद्र को बचाने के लिए उसका भाई रविंद्र, मां सरमन और भाभी रामबती बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। गंभीर हालत में शैलेंद्र को ग्वालियर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने राजकुमार सविता, देवेंद्र विश्वकर्मा, जितेंद्र विश्वकर्मा, उन्नी पंडित, प्रशांत सविता, पवन सविता और आशा सविता के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!