मुरैना: चंबल से 4 किलोमीटर का सफर तय कर घर के आंगन में पहुंचा 11 फीट लंबा मगरमच्छ, साढ़े तीन घंटे चला रेस्क्यू

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। चंबल नदी से निकलकर एक विशालकाय मगरमच्छ करीब 4 किलोमीटर का लंबा सफर तय करते हुए रिहायशी इलाके में जा पहुंचा। देवगढ़ थाना क्षेत्र के खुलावली गांव में एक घर के आंगन में 11 फीट लंबे मगरमच्छ को देखकर पूरे परिवार के होश उड़ गए। कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने इसे सुरक्षित रेस्क्यू कर वापस चंबल नदी में छोड़ा।
मवेशियों के रंभाने से खुला राज, डंडों से खदेड़कर बाहर निकाला
घटना मुरैना के देवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खुलावली गांव (शाला चौकी के पास) की है। यहां खेतों के बीच बने घरों में से एक परिवार के घर रात करीब 11 बजे यह खतरनाक जलीय जीव जा घुसा। मवेशियों की अजीब आवाजें और उनके रंभाने पर जब परिवार के सदस्य जागे, तो उन्होंने आंगन में करीब 11 फीट लंबे मगरमच्छ को देखा।
परिवार के लोगों में डर फैल गया और उन्हें अपने मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी। इसके बाद हिम्मत जुटाकर ग्रामीणों ने लंबे-लंबे डंडों की मदद से मगरमच्छ को खदेड़कर आंगन से बाहर निकाला, जिसके बाद वह घर के बाहर एक जगह जम गया।
साढ़े तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान, राजघाट पर चंबल में छोड़ा गया
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना डीएफओ एससी बघेल को दी, जिसके बाद रात करीब 12 बजे चंबल घड़ियाल अभ्यारण्य की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। मगरमच्छ इतना बड़ा और फुर्तीला था कि उसने जाल और रस्सियों को तोड़कर भागने की कई बार कोशिश की।
रेस्क्यू टीम को इसे काबू करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चले लंबे अभियान के बाद सुबह करीब 4 बजे मगरमच्छ को सफलतापूप्र्वक पकड़ा गया और राजघाट पर लाकर चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, संभव है कि यह मगरमच्छ नदी से किसी नजदीकी जलस्रोत की तरफ गया हो और भोजन की तलाश में भटकते हुए इतनी दूर बस्ती तक आ पहुंचा हो।



