Gwalior: पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव

ग्वालियर। थाटीपुर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद और पुराने मुकदमे में राजीनामा न करने को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने बीच सड़क पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
राजीनामे के लिए बनाया जा रहा था दबाव
मृतक कालू सेन का कुछ समय पूर्व इलाके के ही महाकाल नामक युवक से विवाद हुआ था। इस मामले में कालू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिससे महाकाल और उसके साथी नाराज थे। आरोपी लगातार कालू पर केस वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे। शुक्रवार शाम जब कालू अपने भाई और दोस्त के साथ सुरेश नगर स्थित सरकारी मल्टी के पास खड़ा था, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया।
सरेराह लाठी-डंडों और सरियों से हमला
विवाद बढ़ते ही महाकाल, लल्ला चौहान, टिंकू चौहान, राजा जाटव और अंकित चौरसिया ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कालू पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में कालू गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन उसे तत्काल जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें हमलावर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी महाकाल और उसके साथियों के खिलाफ हत्या (धारा 302) सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।




