कृषि मंत्री का एडिटेड वीडियो वायरल होने पर गरमाई सियासत: युवा गुर्जर महासभा ने वकील पर FIR की दी चेतावनी

ग्वालियर हादसे पर कृषि मंत्री के बयान और वायरल वीडियो पर विवाद
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर घमासान मच गया है। मंत्री के कथित बयान के बाद कई लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं, वहीं अब ‘युवा गुर्जर महासभा’ खुलकर कृषि मंत्री के समर्थन में उतर आई है और विरोध करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है।
ग्वालियर के वकील आशुतोष दुबे के खिलाफ एफआईआर की चेतावनी
युवा गुर्जर महासभा के जिलाध्यक्ष बल्ली गुर्जर ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ग्वालियर के एडवोकेट आशुतोष दुबे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महासभा का कहना है कि वकील ने अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए कृषि मंत्री के बयान का एडिटेड (छेड़छाड़ किया हुआ) वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया है और उनके खिलाफ अत्यंत अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। महासभा की लीगल टीम ने इस भ्रामक वीडियो के जरिए मानहानि और समाज में विद्वेष फैलाने के आरोप में संबंधित वकील के खिलाफ जल्द ही एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना और कानूनी कार्रवाई का ऐलान
युवा गुर्जर महासभा ने स्पष्ट किया है कि शीतला माता मंदिर के पास हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और पूरा समाज इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। हालांकि, इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने और झूठे वीडियो के जरिए माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। महासभा ने दो टूक कहा है कि इस तरह की ओछी हरकतों और बदतमीजी का कानून के दायरे में रहकर कड़ा इलाज किया जाएगा।




