मुरैना में दर्दनाक हादसा: स्कूल जा रहे प्रधानाध्यापक को ट्रक ने कुचला, भागते समय दूसरे ट्रक से भिड़कर पलटा

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक की जान चली गई। पहाड़गढ़ क्षेत्र के कंहार-बुढेरा के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार प्रधानाध्यापक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन करीब चार से पांच किलोमीटर आगे एक मोड़ पर दूसरे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे खंती में पलट गया।
स्कूल जाते समय ट्रक ने बाइक समेत रौंदा
जानकारी के अनुसार, शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुसमानी के प्रधानाध्यापक ब्रजेश नरवरे (45) शनिवार सुबह मुरैना से अपने स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान कंहार-बुढेरा के बीच शिवपुरी की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक RJ 11 GC 2131 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की टक्कर से ब्रजेश नरवरे गंभीर रूप से कुचल गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद भागा चालक, दूसरे ट्रक से हुई भिड़ंत
प्रधानाध्यापक को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से तेजी से वाहन लेकर भागने लगा। वह करीब चार से पांच किलोमीटर ही आगे पहुंचा था कि पहाड़गढ़ की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक MP 07 HB 5202 से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, शिक्षा विभाग में शोक
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक, दूसरे ट्रक से टक्कर और पलटने की घटना में दोनों ट्रक चालकों को चोट नहीं आई। वहीं, प्रधानाध्यापक ब्रजेश नरवरे की मौत की खबर से शिक्षा विभाग में शोक की लहर है।



