भिंड में पालतू ऊंट का हमला, युवक की गर्दन को जबड़े में दबोचकर चबाया; ग्वालियर जेएएच रेफर

भिंड/ग्वालियर। भिंड जिले के जमसारा गांव में पालतू ऊंट के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक अपने ऊंट को चारा डाल रहा था, तभी पशु ने अचानक उसकी गर्दन को जबड़े में दबोच लिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) रेफर कर दिया गया। युवक का उपचार सर्जरी विभाग में चल रहा है।
चारा डालते समय युवक पर किया हमला
जमसारा गांव निवासी भोला खटीक, अशोक खटीक का पुत्र है। जानकारी के मुताबिक, भोला अपने पालतू ऊंट को चारा डाल रहा था। इसी दौरान ऊंट ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसकी गर्दन को अपने जबड़े में दबोच लिया। हमले में गर्दन पर गंभीर चोट आने से युवक की हालत बिगड़ गई।
भिंड जिला अस्पताल से ग्वालियर किया रेफर
घटना के बाद परिजन घायल भोला को भिंड जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर स्थित जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया। जेएएच के हजार बिस्तर अस्पताल पहुंचने पर उसे एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद सर्जरी विभाग में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
गर्दन की गंभीर चोट, सर्जरी की तैयारी
चिकित्सकों के अनुसार, गर्दन में रक्त वाहिकाओं और श्वासनली जैसी महत्वपूर्ण संरचनाएं होती हैं। इस हिस्से में पशु के हमले से गंभीर चोट का खतरा रहता है। भोला की चोट का आकलन कर चिकित्सक आगे के उपचार की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल वह अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में है और उसकी सर्जरी की जाएगी।



