मुरैना के पोरसा में प्राचीन मंदिर में तोड़ी हनुमानजी की मूर्ति, आग लगाने का आरोप; ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद एक गिरफ्तार

मुरैना। जिले के पोरसा क्षेत्र के धोरोटा गांव में प्राचीन पिलुआ वाले हनुमान मंदिर में मूर्ति तोड़ने और आग लगाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हुए और कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचकर घेराव किया। पुलिस ने मामले में गांव के ही 45 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा को पकड़ा है। उसे मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है।
शाम को मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने देखी क्षतिग्रस्त मूर्ति
शुक्रवार शाम को ग्रामीण रोजाना की तरह धोरोटा गांव स्थित पिलुआ वाले हनुमान मंदिर में दीपक जलाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गर्भगृह में हनुमानजी की मूर्ति को बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में देखा। मूर्ति के आसपास आग लगाए जाने के निशान भी मिले। आग के कारण प्रतिमा झुलस गई थी और गर्भगृह की दीवारें काली पड़ गई थीं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव
मंदिर में तोड़फोड़ और आगजनी की जानकारी फैलते ही गांव में नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए। इसके बाद दो सौ से अधिक लोग एकत्र होकर थाने पहुंचे और घटना को लेकर विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक संदिग्ध को पकड़ लिया।
45 वर्षीय व्यक्ति हिरासत में, मानसिक बीमारी की बात सामने आई
पुलिस ने पूछताछ के बाद गांव के निवासी 45 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार, उस पर दोपहर के समय मंदिर में मूर्ति तोड़ने और उसके सामने बिजली के तार व पूजा सामग्री रखकर आग लगाने का आरोप है। आरोपी को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।



