ग्वालियर में स्टंटबाज़ी पर पुलिस का शिकंजा…
नई फॉर्च्यूनर से सड़क पर स्टंट, थाने पहुंचते ही निकली हवा… हाथ जोड़कर बोला – गलती हो गई...

ग्वालियर में स्टंटबाज़ी पर पुलिस का शिकंजा…
नई फॉर्च्यूनर से सड़क पर स्टंट, थाने पहुंचते ही निकली हवा… हाथ जोड़कर बोला – गलती हो गई…
गिर्राज रजक, ग्वालियर,
ग्वालियर। शहर की सड़कों को फिल्मी स्टंट का मैदान समझने वाले युवक पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नई-नकोर फॉर्च्यूनर खरीदकर सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। थाने पहुंचते ही उसका सारा रौब उतर गया और वह हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।
मामला कंपू थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में युवक नई फॉर्च्यूनर से खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में वह कभी गाड़ी के गेट पर लटकता नजर आया तो कभी सड़क पर हुड़दंग करता दिखा। इतना ही नहीं, शीतला माता चौराहे के पास फायरिंग का वीडियो भी सामने आया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। कंपू थाना पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि दिन में जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वह फरार था, लेकिन शाम होते-होते खुद ही थाने पहुंच गया। थाने में पूछताछ के दौरान जब ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो वह रोते हुए बोला कि अभी तक लाइसेंस बनवाया ही नहीं है।
स्टंट न करने की, खाई कसम…
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाकर अपलोड करता है और यूट्यूब व अन्य माध्यमों से उसे 40 से 50 हजार रुपए तक की कमाई हो जाती है। पुलिस ने उसे सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में स्टंट न करने की कसम दिलवाई।
पुलिस की, सख्त कार्रवाई…
पुलिस ने आरोपी का चालान काटा, जुर्माना वसूला और फायरिंग करने वाले साथी की तलाश शुरू कर दी है। वीडियो में मौजूद अन्य युवक की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि सड़क पर स्टंट और हथियारों का प्रदर्शन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो एफआईआर दर्ज कर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

पुलिस की, दो टूक…
अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया की सनक में कानून तोड़ने वालों पर अब सीधी और सख्त कार्रवाई होगी। शहर की सड़कों पर स्टंट करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
ग्वालियर पुलिस का संदेश साफ है — सड़कें स्टंट के लिए नहीं, सुरक्षा के लिए हैं।




